दिल्ली चुनाव में राहुल गांधी ने यमुना नदी को मुद्दा बनाकर केजरीवाल पर बोला हमला
दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने विधानसभा चुनाव के प्रचार के बीच नाव पर बैठकर यमुना नदी में पहुंचकर नदी की स्थिति का जायजा लिया और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उनका एक पुराना वादा याद दिलाते हुए पूछा कि वह डुबकी कब लगाएंगे। राहुल गांधी ने यमुना नदी के किनारे पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और उसका वीडियो ‘एक्स’ पर जारी किया है। उन्होंने कहा, ‘‘केजरीवाल जी, अब तो 2025 आ गया। आप यमुना में डुबकी कब लगाएंगे? दिल्ली इंतज़ार कर रही है।’’
साथ ही राहुल गांधी ने कहा कि हमें यमुना को सिर्फ एक जल स्रोत के रूप में नहीं, एक living being के रूप में देखना होगा। हमें उसकी इज्ज़त करनी होगी। जब सरकार ने यमुना को उसके हाल पर छोड़ दिया है तब हमें मिलकर उसकी स्थिति में बदलाव के लिए कदम बढ़ाना होगा। यदि आपके पास कोई सुझाव है तो हमारे साथ इस लिंक पर साझा करें, हम सुनेंगे आवाज़ भारत की।
कांग्रेस ने राहुल गांधी के यमुना का जायजा लेने का फोटो जारी करते हुए कहा कि आप और केजरीवाल के झूठ ने यमुना को बर्बाद कर दिया है। आज यमुना गंदगी, सीवेज और कचरे से भरी पड़ी है। दिल्ली की ‘लाइफलाइन’ यमुना के साथ ऐसी लापरवाही और खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। केजरीवाल ने वोट पाने के लिए यमुना सफाई का खोखला वादा किया था, लेकिन आज उनकी सच्चाई सबके सामने है। ऐसे में पूरी दिल्ली यही पूछ रही है- केजरीवाल यमुना में डुबकी कब लगाएंगे?
पिछले विधानसभा चुनाव के समय केजरीवाल ने यमुना नदी की सफाई का वादा किया था। राहुल गांधी इन दिनों अपनी हर चुनावी सभा में केजरीवाल के इस वादे का उल्लेख करके उन पर निशाना साध रहे हैं। उन्होंने बुधवार को दावा किया था कि केजरीवाल यमुना में स्नान नहीं करेंगे और न ही इसका पानी पीयेंगे क्योंकि ऐसा करने पर वह अस्पताल पहुंच जाएंगे।
‘न्याय तक’ सामाजिक न्याय का पक्षधर मीडिया पोर्टल है। हमारी पत्रकारिता का सरोकार मुख्यधारा से वंचित समाज (दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक) तथा महिला उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाना है।